डिजिटल इंडिया का भारत !!

पिछले तीन दिनों के भीतर झारखण्ड में 2 लोगों की मौत भूख के कारण हो गयी है जो आधुनिक सभ्यता एवं मानवता के चेहरे पर जोरदार थप्पड़ है जो रोज डिजिटल इंडिया की पैरोकार बने फिरते हैं। देश में व्‍यापक पैमाने पर गरीबी और भुखमरी फैली हुई है। केन्‍द्र एवं राज्य सरकार की जि‍तनी भी योजनाएं गरीबों के लि‍ए हैं वे नौकरशाही और दलीय स्‍वार्थ की बलि‍ चढ चुकी हैं। बंदरबांट के कारण राज्‍य में खाद्य का पर्याप्‍त भंडार होने के बावजूद सही वि‍तरण व्‍यवस्‍था को राज्‍य सरकारें अभी तक सुनि‍श्‍चि‍त नहीं कर पायी है। 

आज हम विभ्रम के दौर से गुजर रहे हैं। भारत का मध्यवर्ग अपनी पतनोन्मुखी भूमिका में आ गया है। यह वर्ग 'करप्सन' को 'कर प्रसन्न' कहता है। घूस की रकम को 'स्पीड मनी' बताता है। सरकारी कर्मचारी प्रति वर्ष अरबों रुपया घूस के रूप में डकार जाते हैं। न्याय के मंदिर में बैठे देवता प्रति वर्ष करोडो रुपए नजराने के  तौर पर पते हैं।

      इस वर्ग के आराध्य त्रिदेव- नेता, अफसर और सेठ- कितने भ्रष्ट हैं, इसका अनुमान लगाना असंभव है। पानी में रहकर मछली कितना पानी पी जाती है, इसका आकलन करना तो संभव हो सकता है लेकिन इस त्रिमूर्ति के भ्रष्टाचार की थाह तो ब्रह्मा-विष्णु-महेश भी नहीं पा सकते। भारत की सिविल सोसाइटी पर इसकी अजगरी जकड़न है। प्रधानमंत्री मोदी के सबसे निर्णायक फैसले को भी इस वर्ग ने अपनी कुटिलता से असफल कर दिया।

भारत में मजदूरों की संख्या, 2001 की जनगणना के अनुसार 40.2 करोड़ है। शहरों में ये मजदूर गंदी बस्तियों में रहते हैं। कुल शहरी आबादी का 25 प्रतिशत स्लम्स में रहता है। आज भी देश में 30 करोड़ लोग गरीबी की रेखा के नीचे हैं। इस वर्ग की प्रतिव्यक्ति आय एक डालर प्रतिदिन से कम है। अगर इसमें दो डालर प्रतिदिन कमाने वालों को शामिल कर लें तो देश में इन लोगों की कुल संख्या 60 करोड़ के आसपास होगी।
      अर्जुन सेन गुप्ता आयोग के अनुसार 84 करोड़ लोगों को प्रतिदिन 20 रुपए भी नहीं मिलते। 34 करोड़ लोगों को दो दिन में एक बार खाना नसीब होता है।

आज भी देश में दुनिया के सबसे अधिक गरीब, अशिक्षित और कुपोषित लोग रहते हैं। कम क्रय-शक्ति के कारण 25 करोड़ लोग हर दिन भूखे पेट सोते हैं। हर तीसरी महिला शारीरिक रूप से कमजोर है। 5वर्ष से कम आयु में कम वजन के बच्चों में 40 प्रतिशत भारतीय हैं। इस वर्ग के 5 करोड़ 70 लाख बच्चे कुपोषित हैं। यदि इसे प्रतिशत में (48) देखा जाए तो यह इथियोपिया (47) से भी अधिक है। विश्व में स्कूल न जाने वाले कुल 15 करोड़ बच्चों में से 13 करोड़ भारतीय हैं। सात भारतीय महिलाओं में से छह अशिक्षित हैं। 64 करोड़ भारतीयों के पास शौचालय की सुविधा नहीं है। दुनिया में टी.बी. के सबसे अधिक 4 करोड़ मामले भारत में हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक तनाव लोगों के प्राण ले रहा है। शहरों की स्थिति कोई अच्छी नहीं है। झुग्गी-झोपड़ियों और अवैध कब्जों पर बनाई गई बस्तियों की बढ़ती तादाद शहरों के नारकीय जीवन को प्रतिबिंबित करने के लिए काफी है। 10 करोड़ लोगों को झुग्गी-झोपड़ी भी नसीब नहीं है, ये बेघर लोग हैं।

सड़क, फुटपाथ, स्टेशनों, पार्कों, पुलों के नीचे और रेलवे पटरियों के पास रहते हैं। मजेदार बात यह है कि ये सभी घर-गृहस्थी वाले बाल-बच्चेदार लोग हैं। देश के खाद्यान्न और शाक-सब्जियों का 40 प्रतिशत भाग खेत से उपभोक्ता तक पहुंचने के दौरान बर्बाद हो जाता है।''

असली भारत बेरोजगारी, गरीबी, भुखमरी से पीड़ित रहने वाला कुपोषण का शिकार बीमार भारत है। कुपोषण से 45 प्रतिशत बच्चे भयंकर रूप से पीड़ित हैं और 60 फीसद का वजन उनकी आयु के अनुपात से कम है। यही हाल महिलाओं का है। पर्याप्त पोषण के अभाव में प्रतिवर्ष लाखों गर्भवती महिलाएं रक्त की कमी के कारण मृत्यु का शिकार होती हैं।
               नौजवानों के स्वास्थ्य की स्थिति संतोष जनक नहीं है। देश में करोड़ों व्यक्ति निराश्रित हैं, जिनमें से 39.2 प्रतिशत शारीरिक रूप से विकलांग हैं। 29.9 प्रतिशत क्षय, दमा, कैंसर आदि से पीड़ित हैं। 11 प्रतिशत लोग मानसिक रोगों के शिकार हैं। इन निराश्रितों का पांचवां हिस्सा दान एवं भीख पर आश्रित है। बाकी लोग या तो रद्दी इकट्ठा करते हैं या मामूली चोरी-चकोरी, गिरहकटी, उठाई गीरी और वेश्यावृत्तिा से पेट पालते हैं।

इन सब परिस्थितियों के पश्चात देश में भूख से होने वाली मौंते हमारे अंतर्चेतना को बहुत ज्यादा झझकोरती  नहीं हैं क्यूंकि शहरों में हम शुतुरमुर्गी जिंदगी जीने के आदि हो गए हैं। समस्याए या तो हमें दिखती नहीं हैं या हम देखना ही नहीं चाहते हैं।

बहुत बचपन में जब मैं कक्षा 5 या 6(1980-81) का छात्र था जमशेदपुर स्थित आर्य समाज विद्यालय का तब विद्यालय आने-जाने के क्रम में प्रायः देखा करता था एक व्यक्ति टिस्को कंपनी के उस नाले के पास बैठ कर चावल के दाने को चुन चुन कर अलग करता रहता था जो पानी के साथ बह कर मुख्य नाले की तरफ बहा करती थी, संभवतः वह पानी या तो टिस्को कंपनी के कैंटीन से या उस स्थान से बहते हुए निकलती थी जहाँ या तो लोग खाना खाते थे या बर्तन धुलता था। उस समय न मुझे कुपोषण का अर्थ पता था न भुखमरी की परिभाषा। उस समय के भारत और आज के डिजिटल इंडिया(अब कुछ बुद्धिजीवी लोग इसे न्यू इंडिया भी कह रहे) में मुझे तो कोई खास सामाजिक परिवर्तन नहीं दिख रहा है यद्धपि तकनीकी परिवर्तन अवश्य हुए हैं।

भूख से मौत होने और उसको सरकार द्वारा झुठलाने का मामला नया नहीं है। वो तो भला हो मीडिया का जो समय समय पर समाज व सरकार को आईना दिखाता रहता है।   

सरकार तब आरप लगाती है कि उनको विपक्ष के इशारे पर बदनाम किया जा रहा है। मज़ेदार बात यह है कि यही विपक्ष जब कालांतर में सत्ता में आ जाता है। तो बिल्कुल ऐसा ही आरोप यह भी सत्ताधारी दल बनकर अख़बार और टीवी चैनल पर लगाता है। राजनीतिक दलों का यह दोहरापन अकेले मीडिया को लेकर नहीं है। लेकिन जैसे ही वह खुद सरकार बन जाता है। वह अपने ही आरोपों को भूलकर वही सब करने लगता है जो गलत करने का आरोप वह सत्ता में रहते दूसरे दलों पर लगाता था। सच तो यह है कि जो पूंजीवादी नीतियां हमारी सभी सरकारों ने अपना रखी हैं। उनसे समाज में गैर बराबरी बढ़ रही है।

Comments

  1. अच्छी पोस्ट है,लम्बी बहुत है ,बादलमें पढूगीं

    ReplyDelete

Post a Comment